मीडिया सेंटर

कुछ भारतीय खिलाड़ियों को 19वें एशियाई खेलों में प्रवेश से वंचित किए जाने पर मीडिया के सवालों पर आधिकारिक प्रवक्ता की प्रतिक्रिया

सितम्बर 22, 2023

19वें एशियाई खेलों में कुछ भारतीय खिलाड़ियों को प्रवेश से वंचित करने के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में, आधिकारिक प्रवक्ता, श्री अरिंदम बागची ने कहा:

भारत सरकार को चीनी अधिकारियों द्वारा जानबूझकर और पूर्व नियोजित कार्रवाई के बारे में पता चला है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश राज्य से आने वाले विशिष्ट भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ भेदभाव शामिल है। इन खिलाड़ियों को चीन के हांगझू में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में मान्यता और प्रवेश से वंचित कर दिया गया।

हमारे दृढ़ और अपरिवर्तनीय रुख के अनुसार, भारत निवास या जातीयता के आधार पर किसी भी प्रकार के विभेदक व्यवहार को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करता है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और सदैव रहेगा।

भारत ने चीन द्वारा कुछ भारतीय खिलाड़ियों को जानबूझकर और चुनिंदा तरीके से बाधित करने के खिलाफ नई दिल्ली और बीजिंग दोनों जगहों पर आधिकारिक तौर पर विरोध दर्ज कराया है। चीन की यह कार्रवाई न केवल एशियाई खेलों के सिद्धांतों के खिलाफ है, बल्कि उनके संचालन को नियंत्रित करने वाले नियमों का भी उल्लंघन करती है, जो सदस्य देशों के प्रतिभागियों के खिलाफ किसी भी प्रकार के भेदभाव को स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित करते हैं।

इसके अलावा, चीन की कार्रवाइयों के खिलाफ हमारे विरोध के प्रदर्शन के रूप में, भारतीय सूचना और प्रसारण और युवा मामले और खेल मंत्री ने खेलों के लिए चीन की अपनी नियोजित यात्रा रद्द कर दी है। भारत सरकार अपने हितों की रक्षा के लिए उचित उपाय करने का अधिकार रखती है।

नई दिल्ली
सितंबर 22 , 2023

Write a Comment एक टिप्पणी लिखें
टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या