हमारे बारे में
श्री. विक्रम मिस्री
श्री. विक्रम मिस्री
विदेश सचिव

15 जुलाई 2024 को श्री. विक्रम मिस्री ने विदेश सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया।

भारतीय विदेश सेवा के 1989 बैच के एक कैरियर राजनयिक, राजदूत मिस्री ने विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली में प्रधान मंत्री कार्यालय और यूरोप, अफ्रीका, एशिया और उत्तरी अमेरिका में विभिन्न भारतीय मिशनों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है।

नई दिल्ली में उन्हें विदेश मंत्रालय के पाकिस्तान डेस्क पर काम करने और दो विदेश मंत्रियों (श्री. आई.के. गुजराल और श्री. प्रणब मुखर्जी) के स्टाफ में कार्य करने का अनुभव प्राप्त है।

प्रधान मंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य करने के अलावा, उन्होंने भारत के तीन प्रधानमंत्रियों (श्री. आई.के. गुजराल; डॉ. मनमोहन सिंह और श्री. नरेंद्र मोदी) के निजी सचिव के रूप में भी कार्य किया है।

राजदूत श्री. मिस्री ने ब्रुसेल्स, ट्यूनिस, इस्लामाबाद और वाशिंगटन डी.सी. में विदेश में सेवा की है। वह श्रीलंका में भारत के उप उच्चायुक्त और म्यूनिख में भारत के महावाणिज्यदूत (कौंसुल जनरल) थे।

श्री. मिस्री को 2014 में स्पेन में भारत का राजदूत, 2016 में म्यांमार में राजदूत और जनवरी 2019 में पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना में राजदूत नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने 2021 तक सेवा की। वह हाल ही में भारत के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (रणनीतिक मामले) के तौर पर कार्यरत रहे। इस पद पर वे 01 जनवरी 2022 से 30 जून 2024 तक रहे।

श्री. मिस्री का जन्म श्रीनगर में हुआ था और उनकी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय (बर्न हॉल स्कूल और डीएवी स्कूल) के साथ-साथ जम्मू और कश्मीर के उधमपुर (कारमेल कॉन्वेंट स्कूल) में हुई थी।

उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा ग्वालियर के सिंधिया स्कूल से पूरी की और हिंदू कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में ऑनर्स के साथ स्नातक की डिग्री हासिल की और एक्सएलआरआई, जमशेदपुर से एमबीए किया। सरकार में शामिल होने से पहले, उन्होंने विज्ञापन (लिंटास इंडिया - बॉम्बे और कॉन्ट्रैक्ट एडवरटाइजिंग - दिल्ली) और विज्ञापन फिल्म निर्माण के क्षेत्र में निजी क्षेत्र में तीन साल तक काम किया। श्री. विक्रम मिस्री एस्पेन इंस्टीट्यूट यूएसए के इंडिया लीडरशिप इनिशिएटिव (अब कमलनयन बजाज फेलोशिप) के फेलो हैं। वह धाराप्रवाह हिंदी, अंग्रेजी और कश्मीरी बोलते हैं और उन्हें फ्रेंच भाषा का कार्यात्मक ज्ञान है।
राजदूत मिस्री की शादी श्रीमती डॉली मिस्री से हुई है और उनके दो बच्चे हैं।