हमारे बारे में
श्रीमती मीनाक्षी लेखी
श्रीमती मीनाक्षी लेखी
Minister of State for External Affairs

श्रीमती मीनाक्षी लेखीका जन्म 30 अप्रैल 1967 को नई दिल्ली में श्री भगवान खन्ना और श्रीमती अमरलता खन्ना के यहाँ हुआ था। उन्होंने 8 जुलाई 2021 को विदेश राज्य मंत्री और संस्कृति राज्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया।

विधिक करियर

दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से बीएससी (ऑनर्स) में स्नातक और कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी करने के बाद, उन्होंने 1990 में बार काउंसिल ऑफ़ दिल्ली में नामांकन कराया। उन्होंने कई ट्रिब्यूनल, दिल्ली उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय सहित विभिन्न अदालतों में प्रैक्टिस की, उनके विशेष फोकस क्षेत्र अप्रत्यक्ष कर और आपराधिक कानून थे। उन्होंने पूरे भारत में कई मंचों पर भी प्रैक्टिस की और अदालतों में महिलाओं से संबंधित कई मुद्दों को संभाला, जैसे कि घरेलू हिंसा, पारिवारिक कानून विवाद और सबसे महत्वपूर्ण, सशस्त्र बलों में महिला अधिकारियों के स्थायी कमीशन का मुद्दा।

राजनीतिक करियर

मई 2014 में श्रीमती लेखी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 16वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुईं। वे मई 2019 में 17वीं लोकसभा के लिए फिर से चुनी गईं। अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान, वे कई संसदीय समितियों की सदस्या रही हैं जिनमें सदन समिति, भारतीय प्रेस परिषद, विदेश मामलों एवं शहरी विकास की स्थायी समितियां, रक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति, लाभ के पद पर संयुक्त समिति, अध्यक्षों की समिति, और सामान्य प्रयोजन समिति शामिल हैं। उन्होंने विशेषाधिकार समिति, सार्वजनिक उपक्रमों की समिति और व्यक्तिगत डेटा संरक्षण विधेयक 2019 पर संयुक्त समिति की अध्यक्षा के तौर पर भी काम किया है।

श्रीमती लेखी एक सामाजिक कार्यकर्ता रही हैं और देश में महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए काम करने वाली संस्थाओं और संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़ी रही हैं। उन्होंने 2010 में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद संभाला। इनके अलावा, वे 'महिला आरक्षण विधेयक' तथा 'कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) विधेयक' के लिए मसौदा समितियों का भी हिस्सा रही हैं।

श्रीमती लेखी का विवाह श्री अमन लेखी से हुआ है और उनके दो पुत्र हैं।