मीडिया सेंटर

प्रश्न संख्या 547 संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् और नाभिकीय आपूर्तिकर्ता समूह के लिए भारत को अमरीका का समर्थन

दिसम्बर 02, 2021

राज्य सभा
अतारांकित प्रश्न संख्या 547
दिनांक 02.12.2021 को उत्तर देने के लिए

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् और नाभिकीय आपूर्तिकर्ता समूह के लिए भारत को अमरीका का समर्थन

547. श्री के. सी. रामामूर्तिः

क्या विदेश मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि:

(क) सरकार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की सदस्यता के लिए अमरीका से स्पष्ट समर्थन के साथ सुधारों को आगे बढ़ाने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का विस्तार करने के लिए अब किस प्रकार से संयुक्त राष्ट्र पर दबाव डाल रही है;

(ख) क्या संयुक्त राज्य अमरीका ने भी भारत को नाभिकीय आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में शामिल करने का समर्थन किया है; और

(ग) यदि हाँ, तो मंत्रालय द्वारा इस संबंध में नाभिकीय आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भी सदस्यता प्राप्त करने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं?

उत्तर
विदेश राज्य मंत्री
(श्री वी. मुरलीधरन)

(क) सरकार, पुनर्गठित सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए भारत की उम्मीदवारी सहित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए तदनुसार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। भारत संयुक्त राष्ट्र में यूएनएससी सुधार पर जारी अंतर-सरकारी बातचीत में सक्रिय रूप से शामिल है और जी-4 (भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान) तथा एल-69 समूह (एशिया, अफ्रीका और लातिन अमेरिका के विकासशील देशों के विभिन्न क्षेत्रीय समूह) की सदस्यता के माध्यम से दूसरे सुधारोन्मुख देशों के साथ कार्य कर रहा है। अमेरिका ने विस्तारित यूएनएससी में स्थायी सदस्यता के लिए भारत की उम्मीदवारी के लिए सार्वजनिक समर्थन व्यक्त किया है।

(ख) 24 सितंबर, 2021 को अमेरिका-भारत के नेताओं के संयुक्त वक्तव्य में नाभिकीय आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत के प्रवेश के लिए अमेरिकी समर्थन की सार्वजनिक रूप से पुष्टि की।

(ग) सरकार नाभिकीय समूह द्वारा भारत की सदस्यता पर शीघ्र निर्णय लेने पर समर्थन के लिए उचित स्तरों पर एनएसजी के सदस्यों के साथ संपर्क बनाए रखती है।

***

 

Write a Comment एक टिप्पणी लिखें
टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या