मीडिया सेंटर

प्रश्न सं. 1958 श्रीलंकाई सेना द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी

दिसम्बर 05, 2019

राज्य सभा
अतारांकित प्रश्न सं. 1958
05.12.2019 को उत्तर दिए जाने के लिए

श्रीलंकाई सेना द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी

1958. श्री ए. विजयकुमार:

क्या विदेश मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि:

(क) क्‍या सरकार को श्रीलंकाई सशस्त्र बलों द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी में हुई बढ़ोतरी की जानकारी है;

(ख) यदि हां, तो श्रीलंका में गिरफ्तार और कैद भारतीय मछुआरों की संख्‍या कितनी-कितनी है;

(ग) सरकार द्वारा भारतीय मछुआरों को छुड़वाने के लिए क्या-क्या प्रयास किए गए हैं; और

(घ) क्या मछुआरों को हिंद महासागर/बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा को पार नहीं करने के लिए सावधान करने हेतु कोई तंत्र विकसित किए जाने का कोई प्रस्ताव है?

उत्तर
विदेश राज्य मंत्री
[श्री वी. मुरलीधरन]

(क) से (घ) अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) को कथित रूप से पार करने और श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में मछली पड़कने के लिए श्रीलंका के प्राधिकारियों द्वारा समय-समय पर भारतीय मछुवारों को गिरफ्तार किया जाता है। सतत राजनयिक प्रयासों के कारण सरकार ने मई 2014 से अब तक श्रीलंका की हिरासत से 2082 भारतीय मछुवारों और मछली पकड़ने की 380 नौकाओं को रिहा कराया है। इस समय, श्रीलंका की हिरासत में 50 नौकाएँ और एक भारतीय मछुवारा है। श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री गोटाबाया राजपक्षा ने हाल की अपनी भारत यात्रा के दौरान आश्वासन दिया कि श्रीलंका अपनी हिरासत से भारतीय मछुवारों की नौकाओं को रिहा करने के लिए कदम उठाएगा।

सरकार भारतीय मछुवारों की सुरक्षा एवं सलामती को उच्चतम प्राथमिकता देती है। जैसे ही भारतीय मछुवारों के पकड़े जाने की रिपोर्टें प्राप्त होती है सरकार राजनयिक माध्यमों से मामले को श्रीलंकाई प्राधिकारियों के साथ उठाती है।

भारत सरकार ने तमिलनाडु सरकार द्वारा प्रायोगिक आधार पर मछली पकड़ने की मोटर चालित नौकाओं में 507 ट्रान्‍सपोंडर्स लगाने में सहायता की है ताकि मछुवारों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा आते ही सचेत किया जा सके। इसके अतिरिक्त, मछुवारों को सुरक्षा किट प्राप्त करने में भी सहायता प्रदान की जा रही है जिसमें आपातकालीन स्थिति में उपयोग के लिए जीपीएस, संचार उपकरण, संकट में चेतावनी देने वाला ट्रांसमिटर (डीएटी), जीवन रक्षक उपकरण (वीएचएफ़ रेडियोटेलीफोन) शामिल है।

***

Write a Comment एक टिप्पणी लिखें
टिप्पणियाँ

टिप्पणी पोस्ट करें

  • नाम *
    ई - मेल *
  • आपकी टिप्पणी लिखें *
  • सत्यापन कोड * पुष्टि संख्या